नरेला में 483 मकानों को बहुमंजिला बनाने की दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) को दिल्ली पर्यावरण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की मंजूरी मिल गई है। पर्यावरणीय मंजूरी न मिलने के कारण पॉकेट एक नरेला के सेक्टर-9 में सैकड़ों मकानों को बहुमंजिला निर्माण नहीं किया जा सकता था। डीडीए अधिकारियों के मुताबिक इस पर्यावरणीय मंजूरी मिलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी और हजारों लोगों के रहने की व्यवस्था भी अप्रत्यक्ष रूप से हो पाएगी।
डीपीसीसी से मकानों के बहुमंजिला निर्माण मिलने की अधिसूचना को डीडीए ने गुरूवार को जारी कर दिया। नरेला पॉकेट-1 में बहुमंजिला अपार्टमेंट निर्माण को लेकर राज्य पर्यावरणीय प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसपीईआईएए) में मामला विचाराधीन था।
डीडीए अधिकारियों ने बताया कि इस प्राधिकरण ने 12 दिसंबर, 2011 को हुई अपनी 15वीं बैठक में राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति की सिफारिशों पर विचार करने के लिए कहा था जिसमें नरेला में अपार्टमेंट को बहुमंजिला बनाने की सिफारिश की गई थी।
विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति की सिफारिशों पर विचार करने के बाद अब पर्यावरण प्रभाव आकलन की अधिसूचना-2006 के प्रावधानों और बाद में इसमें किए गए संशोधनों के अनुसार कुछ शर्तों के साथ पॉकेट-1, सेक्टर-9, नरेला में 483 बहुमंजिला फ्लैटों को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का कुल क्षेत्रफल 26,446.36 वर्गमीटर जबकि निर्मित क्षेत्रफल 71282 वर्ग मीटर होगा।