बॉयोकोन ने किया माइलैन के साथ गठजोड़

करार
दोनों कंपनियां मिलकर डेवलप करेंगी तीन जेनरिक इंसुलिन उत्पाद
अमेरिकी व यूरोपीय बाजारों में कारोबार का अधिकार माइलैन के पास
वर्ष 2012 के दौरान ग्लोबल स्तर पर 11.5 अरब डॉलर की थी बिक्री
बॉयोटेक्नोलॉजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी बॉयोकोन ने अमेरिकी कंपनी माइलैन के साथ इंसुलिन उत्पादों के जेनरिक वर्जन के डेवलपमेंट एवं कॉमर्शियलाइजेशन के लिए एक्सक्लूसिव करार करने की घोषणा की है। इस करार के तहत माइलैन तीन इंसुलिन उत्पाद डेवलप करेगी।
यहां जारी एक बयान में बॉयोकोन ने कहा है कि इसने माइलैन के साथ अपने तीन इंसुलिन एनालॉग उत्पादों के जेनरिक वर्जन के ग्लोबल डेवलपमेंट एवं कॉमर्शियलाइजेशन के लिए एक्सक्लूसिव रणनीतिक गठजोड़ को लेकर बाध्यकारी करार किया है।
बॉयोकोन की चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मजूमदार शॉ ने कहा है कि कंपनी के जेनरिक इंसुलिन एनालॉग्स के लिए माइलैन एक प्राकृतिक रूप से प्राथमिकता वाली पार्टनर है।
उन्होंने कहा कि डायबिटीज से ग्लोबल हेल्थ को उत्पन्न खतरे के आर्थिक बोझ को प्रभावी रूप से कम करने के लिए माइलैन के साथ हुए इस गठजोड़ को लेकर हम काफी उत्साहित हैं।
दोनों कंपनियों के बीच हुए करार के तहत बॉयोकोन की ग्लेरजाइन, जो कि सनोफी की लेंटस का जेनरिक वर्जन है, लिस्प्रो, जो कि एली लिली की ह्यूमालॉग का जेनरिक वर्जन है और एस्पार्ट, जो कि नोवो नोर्डिस्क की नोवोलॉग का जेनरिक वर्जन है, को डेवलप करने व इनकी मार्केटिंग करने का अधिकार माइलैन के पास होगा।
वर्ष 2012 के दौरान लेंटस, ह्यूमालॉग व नोवोलॉग की वैश्विक बिक्री 11.5 अरब डॉलर के स्तर पर रही थी।
बॉयोकोन ने कहा है कि इन तीनों उत्पादों के डेवलपमेंट, इनकी मार्केटिंग में लगने वाली पूंजी व अन्य लागत को दोनों कंपनियां मिलकर वहन करेंगी।
करार के तहत माइलैन को अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोपीय संघ व यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन के देशों में इन दवाओं को बेचने का एक्सक्लूसिव अधिकार लाभ में साझेदारी के आधार पर मिलेगा। कुछ दूसरे बाजारों में यह अधिकार दोनों कंपनियों के पास होंगे।
माइलैन व बॉयोकोन ने वर्ष 2009 में बॉयोसिमिलर मोनोक्लोनल एंटीबॉडीज के डेवलपमेंट के लिए भी गठजोड़ किया था। बीएसई पर गुरुवार को बॉयोकोन के शेयर का भाव 1.41 फीसदी की गिरावट के साथ 280.40 रुपये पर बंद हुआ। बाजार बंद होते समय कंपनी का पूंजीकरण 5,608 करोड़ रुपये पर दर्ज किया गया।








