धूल-मिट्टी से घट जाती है कार एसी की ठंडक

मैंने डेढ़ साल पहले कार खरीदी थी, लेकिन अब कार का एसी पर्याप्त ठंडक नहीं देता है?
जिस प्रकार कार की सर्विसिंग जरूरी होती है, उसी प्रकार कार के एसी की भी समय-समय पर सर्विसिंग होनी बहुत जरूरी है। समय के साथ एसी के कंप्रेसर और एयर सिस्टम में धूल जम जाती है। साथ ही गैस का दबाव भी कम हो जाता है। इसके लिए जरूरी है कि कम से कम हर 6 महीने के भीतर किसी एसी विशेषज्ञ से अपने एसी की सर्विसिंग जरूर करवा लें।
एसी ठीक से काम नहीं करने के क्या कारण हैं?
एसी का सबसे महत्वपूर्ण पार्ट होता है उसका कंडेंसर। अगर कंडेंसर में धूल-मिट्टी या गंदगी जम जाती है तो वह ठीक तरीके से काम नहीं कर पाता। साथ ही रेफ्रिजरेंट में नमी हुई और रेफ्रिजरेंट ठीक मात्रा में नहीं हुआ तो भी एसी में ठीक प्रकार से कूलिंग नहीं हो पाती। इसके अलावा ऐसी ट्यूब में ब्लॉकेज होने के कारण भी एसी कार को ठंडा नहीं कर पाता।
क्या मैं अपनी कार के एसी की क्षमता बढ़ा सकता हूँ?
कार के एसी को ऊर्जा कार के इंजन से मिलती है। इंजन की सीसी क्षमता के आधार पर ही कार या एसयूवी में एसी फिट किया जाता है। ऐसे में कार में एसी की क्षमता बढ़ाने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। यदि आपकी कार छोटी है तो उसमें उसके इंजन के अनुरूप ही इंजन फिट किया जाता है। वहीं अधिक केबिन स्पेस में कम क्षमता का एसी फिट करने से कंप्रेसर पर अधिक दबाव पड़ेगा।
कार एसी के रखरखाव के लिए क्या करना होगा?
आम तौर पर जब आप अपनी कार की सर्विसिंग करवाते है, उस दौरान आपके कार के एसी की बाहरी तौर पर ही जांच की जाती है। ऐसे में जरूरी है कि आप एसी को किसी स्पेशलिस्ट के माध्यम से ही सर्विस करवाएं। यदि आप धूल भरे इलाकों में ज्यादा ड्राइव करते हैं तो आपको समय समय पर एसी के ट्यूब और वॉल्व को भी साफ करना जरूरी है।
एसी ब्लॉकेज से क्या समस्या हो सकती है?
कार एसी सिस्टम में एक ट्यूब या वॉल्व लगा होता है, जिसके जरिए रेफ्रिजरेंट, इवैपरेटर में पहुंचता है। अगर धूल नमी अथवा अन्य किसी
वजह से इस ट्यूब में ब्लॉकेज या रुकावट हो जाती है। तो एसी सही ढंग से कूलिंग नहीं कर पाता। इस ब्लॉकेज की वजह से कम्प्रेसर को भी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है, जो कि काफी महंगा पड़ता है।
क्या मैं अपनी नॉन एसी कार में एसी फिट करवा सकता हूं?
जी हां, आप अपनी पुरानी कार में एसी फिट करवा सकते हैं। आज कई देशी-विदेशी कंपनियां कार एसी के मॉडल उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके दाम कार के मॉडल और क्षमता के आधार पर 21000 रुपये से शुरू होते हैं। खास बात यह है कि कंपनियां इस पर नई कार की तरह वारंटी और वार्षिक मेंटीनेंस की सुविधा भी प्रदान करती हैं।
क्या मार्केट फिटेड एसी सुरक्षित होगा?
बाजार से एसी आप तभी खरीदते हैं जब आपकी पुरानी कार में एसी नहीं होता। बाजार से खरीदे गए एसी की तुलना कंपनी फिटेड
एसी से नहीं की जा सकती। लेकिन तकनीकी रूप से इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता। एसी के लिए इंजन में कोई खास बदलाव की जरूरत नहीं होती। साथ ही कार के इंटीरियर में भी खास बदलाव नहीं करने पड़ते।
क्या धूल से एसी पर प्रभाव पड़ता है?
बाहरी धूल के संपर्क में आने से एसी का कंप्रेसर जाम हो जाता है। यदि आप ग्रामीण सड़कों या फिर डस्टी रोड पर ड्राइव करते हैं आपको विशेष रूप से हिदायत बरतनी होगी। यदि समय से जांच नहीं हुई तो धूल आपके एसी की कूलिंग क्षमता को घटा सकती है। साथ ही यह कार एसी को समय से पहले खराब कर सकता है।
एसी पाइप के पास बर्फ जम गई है, क्या यह खराबी है?
जी हां, यह कार एसी के रफ्रिजरेंट में गड़बड़ी के कारण होता है। एसी सिस्टम के अंदर रेफ्रिजरेंट बाहरी हवा या नमी के संपर्क से अलग रखा जाता है। अगर रेफ्रिजरेंट में हवा मिल जाए तो एसी की कूलिंग क्षमता घट जाती है। वहीं इसके विपरीत रेफ्रिजरेंट में नमी मिल जाने पर बर्फ बन सकती है और इस तरह मीटरिंग वॉल्व जाम हो सकता है।
एसी में रेफ्रिजरेंट गैस कब चैक करवानी चाहिए?
कार के केबिन की सही तरीके से कूलिंग करने के लिए एसी सिस्टम को सही मात्रा में रेफ्रिजरेंट की जरूरत होती है। अगर इसकी मात्रा कम है, तो कूलिंग सही नहीं होगी। लगातार बेहतर कूलिंग के लिए आवश्यक है कि आप हर एक साल के भीतर अपने एसी में रेफ्रिजरेंट जरूर चैक करवाएं। यदि इसकी मात्रा कम है तो इसे तुरंत रिफिल करवाएं।
-सचिन चतुर्वेदी








