वृद्धावस्था तक के लिए सस्ता बीमा
जीवन बीमा उत्पाद कई तरह के होते हैं। एंडोमेंट, टर्म इंश्योरेंस, यूलिप और पेंशन सब जीवन बीमा के ही उत्पाद हैं। जीवन बीमा के इन उत्पादों की खरीदारी करने से पहले इसके फायदे-नुकसान और और प्रत्येक उत्पाद की मूलभूत जानकारी होना महत्वपूर्ण है।
टर्म इंश्योरेंस में पॉलिसीधारक को एक पूर्वनिर्धारित अवधि के लिए बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है जिसके लिए तय अवधि तक प्रीमियम का भुगतान करना होता है। इसकी अवधि आमतौर पर 10-20 वर्षों के लिए होती है। अगर पॉलिसीधारक की मृत्यु पॉलिसी अवधि में हो जाती है तो उसके आश्रितों या नामित व्यक्ति को सम एश्योर्ड का भुगतान कर दिया जाता है।
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती जाती है टर्म इंश्योरेंस का प्रीमियम भी बढ़ता जाता है। नौकरी करने के शुरुआत या मध्य में ली जाने वाली टर्म पॉलिसी इस तरह से ली जानी चाहिए कि वह आपके सेवानिवृत्ति काल तक चले। पॉलिसी की अवधि की समाप्ति के बाद मृत्योपरांत मिलने वाला लाभ नहीं मिलता है।
पॉलिसियों की तुलना जरूरी
चाहे आप किसी भी उम्र के क्यों न हो लेकिन पॉलिसी खरीदने से पहले बाजार में उपलब्ध अन्य पॉलिसियों से उसकी तुलना अवश्य कर लें। एक ही तरह के विभिन्न उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं। उनमें से अपने लायक उत्पाद का चुनाव करें। वर्तमान में देखा जाए तो यूलिप ज्यादा लोकप्रिय है।
इस पॉलिसी से आपके बीमा एवं निवेश दोनों की जरूरत पूरी हो जाती है। अगर आप केवल बीमा चाहते हैं तो बाजार में उपलब्ध विभिन्न टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी की तुलना कीजिए। ऑनलाइन टर्म इंश्योरेंस के इस जमाने में विभिन्न पोर्टल पर जाकर आप बीमा कंपनियों के प्रीमियम की तुलना कर सकते हैं।
नियोक्ता से मिला ग्रुप इंश्योरेंस
नियोक्ता द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला सामूहिक बीमा सबसे सस्ता जीवन बीमा होता है। इसके लिए आपको कम प्रीमियम का भुगतान करना पड़ता है। हालांकि पर्याप्त जीवन बीमा के लिए इस पर निर्भर भी नहीं हुआ जा सकता है।
दूसरी बात यह है कि जब आप उस कंपनी को छोड़ते हैं तो सामूहिक बीमा को आप व्यक्तिगत बीमा में नहीं बदल सकते हैं। इसलिए, अपने परिवार और आश्रितों को आर्थिक रूप से सुरक्षित रखने के लिए अलग से जीवन बीमा लेना जरूरी हो जाता है।










