फिएट कारों को फाइनेंस करेगी टाटा कैपिटल!

योजना
फाइनेंशियल सर्विसेज के मामले में टाटा के साथ यूरोप में फिएट का एक करार पहले से है
इसके तहत जेएलआर के लिए यूरोप में वित्तीय सेवाएं मुहैया करा रही है फिएट
भारतीय बाजार के लिए ऐसे ही एक करार के तहत फिएट कर रही टाटा (मोटर) फाइनेंस या टाटा कैपिटल में से किसी एक के साथ करार
फिएट ग्रुप ऑटोमोबाइल्स इंडिया ने कहा है कि वह अपनी कारों की फाइनेंसिंग के लिए टाटा कैपिटल के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
फिएट ग्रुप ऑटोमोबाइल्स इंडिया के निदेशक एनरिको एटानाशियो ने कहा कि फाइनेंशियल सर्विसेज के मामले में टाटा के साथ यूरोप में हमारा एक करार पहले से है।
हम जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के लिए यूरोप में वित्तीय सेवाएं मुहैया करा रहे हैं। इसी तरह का एक पारस्परिक करार भारतीय बाजार के लिए भी है।इसके तहत हम टाटा (मोटर) फाइनेंस या टाटा कैपिटल में से किसी एक कंपनी के साथ करार करने जा रहे हैं।
इस योजना की शुरुआत के बारे में एटानाशियो ने कहा कि फाइनेंशियल सर्विसेज डिवीजन की घोषणा अप्रैल में हो सकती है।हम फिएट ग्रुप इंडिया के लिए फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराने के वास्ते टाटा कैपिटल के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले एक एक्सक्लूसिव आउटलेट की शुरुआत करने आए एटानाशियो का कहना था कि वर्तमान में कंपनी के 16 एक्सक्लूसिव आउटलेट हैं।
मार्च,2013 की समाप्ति तक हम इसकी संख्या 65 पर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। इससे पहले टाटा मोटर्स के कुछ शोरूम में फिएट के वाहनों की बिक्री की जा रही थी। इस बारे में एटानाशियो ने कहा कि टाटा-फिएट करार के तहत अभी भी 160 आउटलेट चल रहे हैं।
हालांकि यह अनुबंध मार्च,2013 में खत्म हो जाने की उम्मीद है। पिछले वर्ष टाटा और फिएट में इस बात पर सहमति बन गई थी कि भारत में फिएट ब्रांड को मजबूती देने के लिए फिएट की व्यावसायिक व वितरण संबंधी गतिविधियां फिएट ग्रुप की भारतीय शाखा को सौंप दी जाएं।








