फोर्स मोटर्स ने 6.25 लाख रुपये में उतारी गोरखा

दाम
(2.6 लीटर डीजल इंजन के साथ)
सॉफ्ट टॉप 4बाय2 : 6.25 लाख
सॉफ्ट टॉप 4बाय4 : 8.35 लाख
हार्ड टॉप 4बाय4 : 8.50 लाख
बात पते की
गोरखा के विकास पर कंपनी ने तकरीबन 25-30 करोड़ रुपये का निवेश किया है
इस बाजार में कंपनी का लक्ष्य शुरुआती साल में 1,000 वाहन बेचने का है
पुणे स्थित फोर्स मोटर्स लिमिटेड ने अपनी ऑफ-रोडर 'गोरखा' को भारतीय बाजार में लांच किया है। इसकी शुरुआती कीमत 6.25 लाख रुपये है।
यह वाहन तीन वेरिएंट में ग्राहकों को मुहैया होगा। 2.6 लीटर डीजल इंजन से लैस गोरखा का सॉफ्ट टॉप 4बाय2 वेरिएंट 6.25 लाख रुपये का है जबकि सॉफ्ट टॉप 4बाय4 की कीमत 8.35 लाख रुपये है। हार्ड टॉप 4बाय4 गोरखा की कीमत 8.50 लाख रुपये है। कंपनी को वित्त वर्ष 2013-14 के दौरान 1,000 गोरखा बेचने की उम्मीद है।
इस वाहन पर कंपनी 3 साल या 3,00,000 किलोमीटर की वारंटी भी मुहैया करा रही है।
फोर्स मोटर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रसन्न फिरोदिया ने बताया कि कंपनी 2014 की पहली तिमाही के दौरान 9 सीटर मल्टी परपज व्हीकल (एमपीवी) भी लांच करने की तैयारी में है। यह वाहन मर्सिडीज से लाइसेंस प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी 2014 की पहली तिमाही तक कुल 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी जिसमें से कंपनी अपने पीथमपुर स्थित प्लांट पर तकरीबन 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। वहीं, गोरखा के बारे में उन्होंने बताया कि जिस श्रेणी में हम कदम रख रहे हैं उसका सालाना बाजार तकरीबन 8,000-10,000 इकाइयों का है।
इस बाजार में हमारा लक्ष्य शुरुआती साल में 1,000 वाहन बेचने का है। उन्होंने बताया कि गोरखा के विकास पर कंपनी ने तकरीबन 25-30 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी आने वाले वर्षों के दौरान पर्सनल व्हीकल्स के पोर्टफोलियो को मजबूत करने पर निवेश करेगी।
इसके अलावा कंपनी उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं जैसे अफ्रीका, श्रीलंका आदि में अपने निर्यात को तेजी के साथ मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी को अगले पांच वर्षों के दौरान कंपनी का राजस्व बढ़कर 10,000 करोड़ होने का अनुमान है।








