नई दिल्ली. अगर आप आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं तो इस खबर से थोड़ा खुश हो सकते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के पांच करोड़ से अधिक सदस्यों को इस साल अपनी भविष्य निधि पीएफ जमाओं पर 8.5 फीसदी रिटर्न मिल सकता है। पिछले साल पीएफ पर ब्याज दर 8.25 फीसदी थी। सूत्रों के मुताबिक ईपीएफओ की फैसले लेने वाली शीर्ष संस्था सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी (सीबीटी) की बैठक में यह प्रस्ताव विचार के लिए लाया जा सकता है। सीबीटी की बैठक आगामी 15 फरवरी को हो रही है। सूत्रों का कहना है कि ईपीएफओ ने 2012-13 के लिए पीएफ पर 8.5 फीसदी ब्याज तय करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इससे विभाग को कोई घाटा नहीं होगा। हालांकि अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। सीबीटी की बैठक में पीएफ फंड के निवेश के मानकों को आसान बनाने पर भी फैसला हो सकता है।