सोमवार को होगा इंडिया प्राइड अवाड्र्स विजेताओं का सम्मान

दैनिक भास्कर समूह के इंडिया प्राइड अवाड्र्स 2012-13 में अब बस चंद रोज बाकी रह गए हैं। अवार्ड विजेताओं को अगले सोमवार को यहां आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में कई मंत्री, शीर्ष ब्यूरोक्रैट और सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की जानी-मानी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी शिरकत करेंगे। देश के विकास में सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने के लिए दैनिक भास्कर समूह ने 2009 में इंडिया प्राइड अवाड्र्स की शुरूआत की थी।
इस बार इसके चौथे संस्करण में सेंट्रल पीएसयू की 13 और स्टेट पीएसयू की सात श्रेणियों के लिए प्रविष्टियां मंगाई गईं। इस वर्ष पुरस्कार के लिए सेंट्रल और स्टेट दोनों वर्ग में पीएसयू के लिए काम करने वाली एड एजेंसी की भी एक-एक श्रेणी जोड़ी गई हैं। इसके तहत पीएसयू की भूमिका को बेहतर तरीके से रेखांकित करने वाली एड एजेंसियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
सेंट्रल पीएसयू की विभिन्न कैटेगरी में 68 और स्टेट पीएसयू कैटेगरी में 21 नामांकन प्राप्त हुए। एड एजेंसी की श्रेणी में 15 नामांकन प्राप्त हुए हैं। विजेताओं का फैसला करने के लिए देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश आर.सी. लाहोटी की अध्यक्षता में एक ज्यूरी बनाई गई थी। इनके अलावा पीएसयू के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली एक शख्सीयत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड भी दिया जाएगा।
मार्केटिंग प्रोसेस आउटसोर्सिंग (एमपीओ) क्षेत्र की कंपनी विटल सी मार्केटिंग लिमिटेड इंडिया प्राइड अवाड्र्स 2012-13 की टाइटल स्पांसर कंपनी है। इसके अलावा सु-कैम प्रिंसिपल एसोसिएट स्पांसर और न्यू हालैंड को-स्पांसर कंपनियां हैं।










