यह मिसाइल कई हथियारों को अपने साथ ले जाने में है सक्षम

दुश्मन को दहलाने आ रही है अग्नि-6
बंगलुरू - देश की सुरक्षा की रणनीति के लिहाज से प्रमुख बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 सफलतापूर्वक विकसित करने के बाद रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) अग्नि-6 के विकास में जुटा है।
यह बैलिस्टिक मिसाइल एक साथ कई हथियारों को अपने साथ ले जाने में सक्षम होगी और एक ही समय में दुश्मन के कई ठिकानों पर हमला कर सकती है।
डीआरडीओ के प्रमुख वीके सारस्वत ने शुक्रवार को यहां बातचीत में हालांकि इस मिसाइल की रेंज बताने से इनकार कर दिया। यह मिसाइल फिलहाल निर्माणाधीन है। गत अप्रैल में अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया गया था जो 5,500 किलोमीटर तक दुश्मन के किसी भी ठिकाने को भेद सकती है।ऐसे में निश्चित रूप से अग्नि-6 की रेंज इससे काफी ज्यादा होगी।
सारस्वत ने कहा कि अग्नि-6 के डिजाइन पूरे हो चुके हैं और अब हम हार्डवेयर रियलाइजेशन के फेज में हैं। डीआरडीओ अधिकारियों के मुताबिक अग्नि-6 विकसित करते ही भारत ऐसी मिसाइल क्षमता रखने वाले अमेरिका और रूस जैसे देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा।










