महिंद्रा ने पेश की 110 सीसी में सेगमेंट दो बाइक
dainikbhaskar.com
| Jan 06, 2013, 16:28PM IST

देश की नामी ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बाइक सेगमेंट में भी कदम रख दिया है। कंपनी ने 110 सीसी के सेगमेंट में 2 बाइक सेंटुरो और पेंट्रो को पेश किया। हीरो की पैसन प्रो और होंडा की युगा जैसी बाइकों को टक्कर देने के लिए लॉन्च की गई यह बाइक जल्द ही बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। महिंद्रा ने इन बाइकों हाई सिक्योरिटी मॉडल पर तैयार किया है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के दोपहिया क्षेत्र के अध्यक्ष तथा समूह कार्यकारी बोर्ड के सदस्य अनूप माथुर ने कहा, ‘पेंट्रो अगले कुछ सप्ताह में बाजार में आ जाएगी। उसके कुछ सप्ताह बाद सेंटुरो को उतारा जाएगा।’
हालांकि, माथुर ने इन मॉडल की कीमतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इन मॉडल का विकास महिंद्रा के पुणे स्थित शोध एवं विकास केंद्र में किया गया है। इनके लिए एमसीआई-5 इंजन का विनिर्माण कंपनी के मध्य प्रदेश स्थित पीथमपुर संयंत्र में किया गया है।
माथुर ने कहा कि कंपनी ने इन उत्पादों के शोध एवं विकास पर 100 करोड़ रुपए का निवेश किया है। हालांकि, कुल निवेश के बारे में बता पाना मुश्किल है, क्योंकि कई ऐसे प्लेटफार्म हैं, जिनका इस्तेमाल साझीदारी में किया गया।









