महिंद्रा सत्यम ने खरीदी ब्राजील की कंपनी

महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह की कंपनी महिंद्रा सत्यम ने ब्राजील की एसएपी कंसलटिंग फर्म कॉम्पलेक्स आईटी का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। इसके तहत, महिंद्रा सत्यम ने कॉम्पलेक्स की 51 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की है।
यह सौदा 2.3 करोड़ डॉलर यानी तकरीबन 120 करोड़ रुपये में हुआ है। पूर्व में सत्यम कंप्यूटर ने नाम से जानी जाने वाली महिंद्रा सत्यम मूल रूप से टेक महिंद्रा की सब्सिडियरी कंपनी है।
टेक महिंद्रा के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं कॉरपोरेट प्लानिंग और अधिग्रहण एवं विलय प्रमुख मनोज भट्ट ने यहां नैस्कॉम द्वारा आयोजित एक सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस अधिग्रहण के लिए महिंद्रा सत्यम 65 लाख डॉलर का एकमुश्त भुगतान करेगी।
उन्होंने बताया कि कॉम्पलेक्स की अगले 18 माह की आय के हिसाब से इस डील के तहत कुल भुगतान 2.3 करोड़ डॉलर तक जा सकता है। इस डील को इस प्रकार से तय किया गया है कि महिंद्रा सत्यम कॉम्पलेक्स के एबिटा वैल्यूएशन का तकरीबन छह गुना भुगतान करेगी।
भट्ट ने बताया कि 18 माह की अवधि के बाद सौदे की समीक्षा की जाएगी और कारोबार की प्रगति को देखा जाएगा। इसके बाद ही आगे की रकम का भुगतान किया जाएगा। कुल मिलाकर 51 फीसदी हिस्सेदारी के लिए अधिकतम 2.3 करोड़ डॉलर का भुगतान होगा।
भट्ट ने कहा कि अधिग्रहण के बाद कंपनी की मुख्य फोकस दक्षिण अमेरिका के इस देश में तेजी से बढ़ रहे एंटरप्राइज सॉल्यूशंस मार्केट पर होगा। कॉम्पलेक्स के चेयरमैन एवं सीईओ एंटोनियो रोस्सी ने कहा कि मौजूदा समय में इस बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी पांच फीसदी के स्तर पर है।
कंपनी इसे बढ़ाकर दोगुना करना चाहती है, जिसमें 5-6 साल का समय लगेगा। इस गठजोड़ से कंपनी को तेजी से बढ़त बनाने में मदद मिलेगी। पिछले साल कॉम्पलेक्स आईटी की टर्नओवर पांच करोड़ डॉलर पर रहा था और इसके कर्मचारियों की संख्या 500 के करीब है।
हालांकि, बाजार में इस खबर का कोई सकारात्मक असर नहीं दिखाई दिया। बीएसई पर शुक्रवार को टेक महिंद्रा के शेयर का भाव 0.66 फीसदी की गिरावट के साथ 995.60 रुपये और सत्यम कंप्यूटर के शेयर का भाव 0.99 फीसदी की गिरावट के साथ 114.80 रुपये पर बंद हुआ।










