बाजार में फिर से दिखी बहार

रेपो रेट घटने के प्रबल आसार
मुंबई - आर्थिक सुधारों का नया दौर शुरू कर घरेलू अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रयासरत केंद्र सरकार को आरबीआई इस बार ब्याज दरों में कटौती की सौगात जरूर देगा। यह उम्मीद रेटिंग एजेंसी इक्रा समेत कुछ अन्य संस्थानों ने जताई है।
इक्रा का मानना है कि थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर में आई कमी को ध्यान में रखकर रिजर्व बैंक अगले हफ्ते अल्पकालिक ब्याज दर यानी रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती कर सकता है। इक्रा ने रिपोर्ट में यह भी कहा है कि सीआरआर में कमी किए जाने की संभावना नहीं है। आरबीआई 29 जनवरी को मौद्रिक नीति पेश करेगा। (एजेंसियां)
कैसे बढ़ी लिवाली
रियल्टी, ऑटोमोबाइल व बैंक शेयरों की रही खूब मांग
बाजार में एफआईआई की ओर से निवेश प्रवाह जारी
छोटे निवेशक भी बाजार को सहारा देने में पीछे नहीं रहे
देश के शेयर बाजार शुक्रवार को फिर से नई गति पाने में कामयाब हो गए। आरबीआई द्वारा अगले हफ्ते पेश की जाने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत ब्याज दरों जैसे रेपो रेट को घटाने की उम्मीद में ही बाजार चढ़ गए।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के तिमाही वित्तीय नतीजे उम्मीद से बेहतर रहने से भी निवेशकों ने अपनी लिवाली तेज कर दी। इसके बल पर बॉम्बे बाजार का सेंसेक्स 179.75 अंकों की आकर्षक उछाल के साथ 20,103.53 अंक पर बंद हुआ। यह पिछले दो वर्षों में सेंसेक्स का उच्चतम स्तर है।
शुक्रवार को खासकर ऐसे शेयरों की खूब लिवाली हुई जो ब्याज दरों के लिहाज से काफी संवेदनशील माने जाते हैं। इनमें बैंकों के अलावा रियल एस्टेट, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयर भी शामिल हैं।
ब्रोकरों ने बताया कि ग्लोबल इकोनॉमी खासकर अमेरिका, चीन और यूरोप में दिख रहे बेहतरी के संकेत से भी घरेलू शेयर बाजारों में कारोबारी धारणा फिर से मजबूत हो गई। दरअसल, निवेशकों को उम्मीद है कि आरबीआई जल्द ही पेश की जाने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत ब्याज दरों में कम-से-कम 0.25-0.25 फीसदी की कटौती जरूर करेगा।
बाजार में लिवाली का यह आलम था कि इसकी बदौलत बीएसई के सभी 13 सेक्टोरल इंडेक्स 4.42 फीसदी तक की खासी बढ़ोतरी दर्शाकर बंद हुए। मारुति सुजुकी के शेयर 4.15 फीसदी चढ़ गए। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 55.30 अंक चढ़कर 6,074.65 अंक पर बंद हुआ।
बोनांजा पोर्टफोलियो लिमिटेड के सीनियर वाइस पे्रसिडेंट राकेश गोयल ने कहा, 'बाजार में अच्छी-खासी तरलता (लिक्विडिटी) बनी रहने से ही शेयर सूचकांक उच्च जोन में लगातार विचरण कर रहे हैं। इसके अलावा ब्याज दरें घटने की उम्मीद में भी निफ्टी और सेंसेक्स को उच्च स्तर पर विराजमान रहने में मदद मिल रही है।'








