पीएनबी और यूनियन बैंक के भी कर्ज सस्ते

नई दिल्ली - सार्वजनिक क्षेत्र के दिग्गज कर्जदाता पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने गुरुवार को अपने बेस रेट में 0.25 फीसदी की कटौती करने के साथ ही होम लोन और ऑटो लोन को सस्ता करने की राह खोल दी। इसके अलावा, बैंक को सरकार की ओर से अतिरिक्त पूंजी मिलने का आश्वासन भी मिल गया है।
पीएनबी के मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के. आर. कामथ ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट और नकद आरक्षित अनुपात में कटौती करने का फायदा ग्राहकों को देते हुए बेस रेट को 10.50 फीसदी से घटाते हुए 10.25 फीसदी किया गया है।
नई दरें 9 फरवरी से प्रभावी मानी जाएंगी। कामथ ने बताया कि बेसल-3 मापदंडों को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से 1,248 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूंजी मिलेगी। हालांकि, उन्होंने बाजार से पूंजी जुटाने की योजनाओं से फिलहाल इनकार किया है।
इस बीच, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भी अपने बेस रेट को 0.25 फीसदी घटाकर 10.25 फीसदी कर दिया है। यह जानकारी यूनियन बैंक के सीएमडी डी. सरकार ने दी। भारतीय स्टेट बैंक ने भी ऑटो लोन, होम लोन और कॉरपोरेट लोन को सस्ता कर दिया है। (ब्यूरो)








