नई दिल्ली. सैमसंग ने गुरुवार को स्मार्ट फीचर्स के साथ पहली बार भारत में निर्मित मोबाइल हैंडसेट की पूरी सीरीज लांच की, जिसकी कीमत 4,280 रुपये से लेकर 6,490 रुपये रखी गई है। यह सीरीज सीधे रूप से नोकिया की आशा सीरीज को टक्कर देगी।
सैमसंग के वाइस प्रेसिडेंट असीम वारसी ने बताया कि कुल बिक्री में फीचर्स फोन की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी की है और यह मोबाइल फोन निर्माताओं का बड़े पैमाने पर प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, खासतौर पर उभरते हुए बाजारों में। इसमें से 10 फीसदी हिस्सेदारी 4,000 रुपये से लेकर 6,000 रुपये तक के मोबाइल फोन की है।
रैक नाम से लांच की गई इस सीरीज का मकसद सोशल नेटवर्किंग, गेम्स और इंटरनेट सर्फिंग का इस्तेमाल करने वाले युवाओं को आकर्षित करना है। सैमसंग के चार फोन रैक 60 (4,280 रुपये), रैक 70 (4,570 रुपये), रैक 80 (5,270 रुपये) और रैक 90 (6,490 रुपये) रिटेल आउटलेट में फरवरी के अंत तक नजर आने लगेंगे।
रैक फोन ड्यूल सिम, टच स्क्रीन के साथ उपलब्ध है जो कि जावा प्लेटफॉर्म पर काम करेगा। इन फोन में फेसबुक, मैसेंजर जैसे कि चैट ऑन और जीटॉक तथा ऑपरा एप्लिकेशन के साथ उपलब्ध हैं। इन मोबाइल फोन को चीन, अफ्रीका, साउथ अमेरिका और सीआईएस देशों में भी बेचा जाएगा।
दाम
रैक 60 : रुपये 4,280
रैक 70 : रुपये 4,570
रैक 80 : रुपये 5,270
रैक 90 : रुपये 6,490