सख्ती होगी सर्विस टैक्स डिफॉल्टरों पर

केंद्रीय उत्पाद एवं सेवाकर आयुक्तालय ने यहां सर्विस टैक्स डिफॉल्टरों व केंद्रीय उत्पाद शुल्क की चोरी करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा है।
पंजाब टेक्निकल यूनीवर्सिटी, इंडियन रिजर्व बटालियन, होटल पार्क प्लाजा, रोहन एंड राजदीप इंफ्रास्ट्रक्चर और सेक्रेट एजेंसी सबसे बड़े सर्विस टैक्स डिफॉल्टर हैं, जिन्हें विभाग ने नोटिस जारी कर टैक्स जमा करने को कहा है। बकाया टैक्स जमा न करने पर विभाग संपत्तियां नीलाम करने तक की कार्रवाई कर सकता है।
केंद्रीय उत्पाद एवं सेवाकर आयुक्त राजीव भाटिया के मुताबिक रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला, चड्ढा शुगर मिल, दोनार फूड्स व जीजी स्टील रोलिंग मिल लुधियाना के खिलाफ गलत ढंग से सेनवेट क्रेडिट, एसएसआई छूट का लाभ लेकर टैक्स चोरी का पता चला है, जिन्हें इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।
२०१२-१३ के दौरान विभाग के सेंट्रल एक्साइज संग्रहण में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में ३० फीसदी और सर्विस टैक्स संग्रह में ७५ फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
२०११-१२ में अप्रैल से जनवरी तक सेंट्रल एक्साइज संग्रह ५१२.३० करोड़ हुआ था, जो २०१२-१३ में अप्रैल से जनवरी तक ६६३.०१ करोड़ हो गया है। इसी प्रकार २०११-१२ में अप्रैल से जनवरी तक सर्विस टैक्स संग्रह २०८.८० करोड़ रुपये था, जो वर्ष २०१२-१३ में अप्रैल से जनवरी के दौरान बढ़कर २८४ करोड़ रुपये हो गया है।








