लगातार गिरावट -सोने 30 हजार रुपये से नीचे

29,720 रुपये प्रति दस ग्राम पर सोना 480 रुपये लुढ़का
54,550 रुपये प्रति किलो पर चांदी के दाम 1,250 रुपये नीचे
विश्व बाजार की गिरावट के बाद घरेलू बाजार में सोने-चांदी में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों की लगातार बिकवाली के दबाव से गुरुवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतें घटकर 30 हजार से नीचे आ गई। दिल्ली सराफा बाजार में सोने की कीमतों में 480 रुपये की गिरावट आकर भाव 29,720 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए।
पिछले सात महीने में सोने ने यह न्यूनतम स्तर छुआ है। इस दौरान चांदी की कीमतों में भी 1,250 रुपये की गिरावट आकर भाव 54,550 रुपये प्रति किलो रह गए दिल्ली बुलियन ज्वैलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वी के गोयल ने बताया कि सोने और चांदी में गहने निर्माताओं की मांग कमजोर है जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम लगातार घट रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में महीनेभर में सोने की कीमतों में 119 डॉलर प्रति औंस की गिरावट आ चुकी है।
21 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1,690 डॉलर प्रति औंस था जबकि गुरुवार को भाव 1,571 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। चांदी की भाव भी विदेशी बाजार में 23 जनवरी को 32 डॉलर प्रति औंस से ऊपर था जोकि गुरुवार को घटकर 28.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया।
एसएमसी इन्वेस्टमेंट एंड एडवाइजर लिमिटेड चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डी के अग्रवाल ने बताया कि अमेरिका के बैंक फेडरल रिजर्व की रिपोर्ट में प्रोत्साहन पैकेज में कोई फैसला नहीं होने से विश्व बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है।
विदेशी बाजार में गिरावट को देखते हुए निवेशकों को सोने और चांदी में और मंदे का इंतजार करना चाहिए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल महीने के वायदा अनुबंध में गुरुवार को सोने का भाव 29,551 रुपये प्रति दस ग्राम पर खुला तथा निवेशकों की बिकवाली से नीचे में 29,263 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया।








