यूपी व एमपी को छोड़ बाकी राज्यों में गेहूं की धीमी खरीद

मुद्दा - भाव ज्यादा होने से फ्लोर मिलों की ओएमएसएस में दिलचस्पी नहीं
रोलर फ्लोर मिलें सरकारी गेहूं खरीदने में कोताही बरत रही है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को छोड़ अन्य राज्यों में खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं का उठाव सीमित मात्रा में ही हो रहा है। ओएमएसएस के तहत जनवरी के मध्य तक देशभर की फ्लोर मिलों ने केवल 42 लाख टन गेहूं का ही उठाव किया है।
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिजनेस भास्कर को बताया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को छोड़ देश के अन्य राज्यों में ओएमएसएस के तहत गेहूं का उठाव सीमित मात्रा में ही हो रहा है।
ओएमएसएस के तहत नवंबर महीने में आवंटित किए गए अतिरिक्त 65 लाख टन गेहूं में से 15 जनवरी तक केवल 15 लाख टन का ही उठाव हुआ है। इसके अलावा अप्रैल से अक्टूबर के दौरान फ्लोर मिलों ने ओएमएसएस तक 27 लाख टन गेहूं का उठाव किया था। अत: कुल आवंटित किए गए 95 लाख टन गेहूं में से जनवरी मध्य तक केवल 42 लाख टन का ही उठाव हुआ है।
उन्होंने बताया कि पहली अप्रैल में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी, जिसके कारण ओएमएसएस के तहत गेहूं की बिक्री मार्च महीने में बंद हो जाएगी। मार्च तक इसके तहत और 12-13 लाख टन गेहूं की ही बिक्री होने का अनुमान है।
ऐसे में कुल बिक्री 54-55 लाख टन की होने की संभावना है। श्री बालाजी फूड प्रोडक्ट के प्रबंधक संदीप बंसल ने बताया कि अन्य राज्यों के मुकाबले मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में ओएमएसएस के तहत गेहूं के बिक्री भाव कम है इसीलिए इन राज्यों से ज्यादा खरीद हो रही है।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में गेहूं की निविदा भरने के लिए दो भाव तय किए गए हैं। मध्य प्रदेश में राज्य से खरीदे गए गेहूं की निविदा भरने का न्यूनतम भाव 1,414 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि पंजाब और हरियाणा से खरीद गए गेहूं के बिक्री भाव मध्य प्रदेश में 1,610 रुपये प्रति क्विंटल है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश में गेहूं के बिक्री भाव 1,403 और 1,572 रुपये प्रति क्विंटल है। उधर पंजाब में गेहूं का बिक्री भाव 1,484 रुपये, हरियाणा में 1,446 रुपये और राजस्थान में 1,556 रुपये प्रति क्विंटल है।
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नवंबर 2012 से 15 जनवरी 2013 के दौरान मध्य प्रदेश में 6.59 लाख टन गेहूं की बिक्री ओएमएसएस के तहत हुई।
इस दौरान उत्तर प्रदेश में 4.45 लाख टन गेहूं बिका। पंजाब की फ्लोर मिलों ने इस दौरान केवल 1,31,377 टन, हरियाणा की मिलों ने 1,48,099 टन और राजस्थान की फ्लोर मिलों ने 1,19,000 टन गेहूं की खरीद की है।








