क्या है ऑफर फॉर सेल

सेबी ने अभी कुछ दिन पहले ऑफर फॉर सेल या ऑक्शन रूट मैकेनिज्म में कुछ संशोधन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आखिर ऑफर फॉर सेल क्या है? दरअसल, जो सूचीबद्ध कंपनियां शेयर बाजार की उथलपुथल से बच कर फंड इकट्ठा करना चाहती है वह ऑफर फॉर सेल लाती हैं।
यह कंपनियों के अपने नए शेयरों को सूचीबद्ध करने का यानि बेचने का एक तरीका है। ऑफर फॉर सेल के जरिये आम लोगों से कंपनी के शेयर खरीदने का आग्रह किया जाता है। लेकिन इसके लिए किसी इंटरमीडियरी मसलन इनवेस्टमेंट बैंक को नियुक्त किया जाता है।
ऑफर फॉर सेल में कंपनियां शेयर बाजार के कामकाज की सामान्य अवधि में स्टॉक एक्सचेंज के जरिये प्रमोटर की हिस्सेदारी घटाने का कदम उठाती है और इसके लिए शेयरों की नीलामी की जाती है। सेबी ने शीर्ष 100 सूचीबद्ध कंपनियों को ऑफर फॉर सेल के जरिये जनता से फंड इकट्ठा करने के अनुमति दे रखी है।
चूंकि ऑफर फॉर सेल के जरिये प्रमोटर को शेयर बाजार में ही सीधे शेयरों को बेचने का अधिकार मिल जाता और इसे नियामक की क्लीयरेंस भी जल्दी मिल जाती है इसलिए ज्यादा कागजी कार्यवाही या फिर रोड शो के ही कंपनियों को पूंजी जुटाने का मौका मिल जाता है। पूंजी जुटाने में यह दूसरी सारे तरीकों से जल्दी काम करता है। ऑफर फॉर सेल के जरिये पूंजी जुटाने के दौरान कंपनियां बाजार के उथलपुथल से बच जाती हैं।










