दुनिया की सबसे सस्ती कार बनाने वाली कंपनी टाटा अगले महीने एक नया धमाल कर सकती है। कंपनी अब दुनिया की सबसे सस्ती डीजल कार लॉन्च करने जा रही है। टाटा ने इसके लिए लगभग अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। हाल ही में टाटा की नैनो डीजल को पुणे की सड़कों पर दौड़ते हुए देखा गया। 1 लीटर में करीब 40 का माइलेज देने वाली यह कार दुनिया की सबसे सस्ती डीजल कार होगी।
डीजल वैरिएंट की इस खास नैनो में कंपनी ‘टाटा एस आईडीआई’ इंजन का इस्तेमाल करेगी। आपको बता दें कि यह 700 सीसी का 2 सिलिंडर इंजन है। खास बात यह है कि ये इंजन बीएस-3 मानक को भी पूरा करता है। टाटा की इस कार से 1 लीटर डीजल में करीब 40 किलोमीटर का माइलेज मिलने की बात कही जा रही है।
कार खरीदना अधिकतर लोगों का सपना होता है। आम आदमी का यह सपना अब महंगे पेट्रोल और कारों में कम माइलेज के चलते लगातार दूर होता जा रहा है। कार कंपनियों की बिक्री भी इसके चलते काफी हद तक कम हो गई है। ऐसे में आम आदमी और कार कंपनियां दोनों डीजल कारों पर खास ध्यान दे रहे हैं। जहां कंपनियां ज्यादा माइलेज वाली डीजल कार बनाने में लग गईं हैं वहीं, ग्राहक भी ऐसी कारों को खोजने में लगे हुए हैं।
दरअसल यह कंपनी अब माइलेज के मामले में बाइक और स्कूटर को भी टक्कर देने का मन बना रही है। हालांकि इस सिलसिले में अभी कंपनी की तरफ से कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन अगर वाकई कंपनी इसमें सफलता पा लेती है तो इसे टाटा मोटर्स के साथ ही भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के लिए भी बड़ी कामयाबी माना जाएगा। हाल ही में डीजल की कीमतों में इजाफे के बाद कंपनी की यह कार अगर 40 किलोमीटर की माइलेज देती है, तो प्रति किलोमीटर ईधन का खर्च 1.5 रुपये के आस-पास ही बैठेगा।
आगे की स्लाइड पर क्लिक कर देखें दुनिया की सबसे सस्ती डीजल कार अंदर से कैसी दिखती है। इसमें कौन-कौन से जबरदस्त फीचर्स दिए हैं। साथ ही जानें चंद लाख रुपये की इस सस्ती कार की कब कर सकेंगे आप सवारी।