महंगाई को मात देती 'बीट'

चार लोग तो फिर भी सुविधाजनक महसूस कर सकते हैं लेकिन पांचवें व्यक्ति के कार में बैठते ही स्पेस की कमी साफ तौर पर दिखती है
जनरल मोटर्स की 'बीट डीजल' मौजूदा समय में महंगे ईंधन को मात देने का सबसे बेहतरीन विकल्प हो सकती है। बीट डीजल की माइलेज इसकी सबसे बड़ी जीत है। सामान्य ड्राइविंग परिस्थितियों में शहरी भीड़-भाड़ में आसानी से 18 किलोमीटर प्रति लीटर से ज्यादा का माइलेज और हाइवे पर आसानी से 20 किलोमीटर प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर देती है। वहीं, अगर दूसरी खासियत की बात करें तो 3 सिलेंडर 1.0 लीटर इंजन है।
3 सिलेंडर इंजन से अधिकांश तौर पर कार के केबिन में ज्यादा आवाज की शिकायत ग्राहकों को आमतौर पर रहती है। लेकिन, जनरल मोटर्स ने बीट में आवाज को बेहतरीन तरीके से कंट्रोल किया है जिसके लिए कंपनी तारीफ के काबिल है। बीट का इंजन स्टार्ट करने पर एहसास देता है कि यह तीन सिलेंडर इंजन है लेकिन एक बार आपने दरवाजा बंद किया तो एनवीएच लेवल आपको चौंका देता है।
कार के अंदर महसूस नहीं होता कि आप तीन सिलेंडर कार को ड्राइव कर रहे हैं। वहीं, अगर बीट डीजल की खामियों की बात करें तो टॉप-एंड पंच की कमी इस कार में महसूस होनी लाजिमी है। यह कार कतई भी हाइवे की परफॉर्मेंस कारों में से एक नहीं हो सकती। इसके अलावा बूट स्पेस एक परिवार के हिसाब से कम नजर आता है। 'बिजनेस भास्कर' के 'रक्षित सिंह' ने 'बीट डीजल' की टेस्ट ड्राइव की। पेश हैं इस ड्राइव से जुड़े कुछ खास अनुभव :
एक्सटीरियर
इस मुद्दे पर ज्यादा खास बताने की जरूरत नहीं है। इस कार की स्टाइलिंग मौजूदा हैचबैक कारों में सबसे बेहतरीन कारों में से एक है। इसके अलावा शेवरले बीट जनरल मोटर्स इंडिया के पोर्टफोलियो की सबसे स्टाइलिश कार तो है ही। बड़ी हैडलाइट और बोल्ड लाइन्स की वजह से यह कार आगे से काफी बड़ी नजर आती है।
इंटीरियर
ब्लैक इंटीरियर्स या तो बेहद पसंद आएंगे या नहीं। वैसे, पसंद आने वालों की तादाद ज्यादा होगी। प्लास्टिक क्वालिटी कई महंगी हैचबैक्स से बेहतर है जो अप-मार्केट फील देती है। डिजिटल टैकोमीटर, ओडोमीटर और ट्रिप मीटर में ब्लू लाइटिंग की व्यवस्था है। ब्लैक इंटीरियर्स में ब्लू लाइटिंग स्पोर्टी फील देता है।
सुविधा
फं्रंट हेडरूम और लेगरूम को लेकर कोई शिकायत इस कार में नजर नहीं आती है। हालांकि, जब बात पीछे बैठने वाले पैसेंजर्स की आती है तो स्पेस की कमी साफ तौर पर नजर आती है। चार लोग तो फिर भी सुविधाजनक महसूस कर सकते हैं लेकिन पांचवे व्यक्ति के कार में पहुंचते ही स्पेस की कमी साफ तौर पर दिखती है।
इंजन
बीट डीजल का इंजन ही शायद इसकी सबसे बड़ी खासियत है। सिटी ड्राइविंग के लिहाज से कार में बेहतरीन पिक-अप और रेस्पांस है। हालांकि, जैसे-जैसे टॉप गियर्स की तरफ बढ़ते हैं तो इंजन में पावर की कमी महसूस होती है। कुल मिलाकर, शहरी ग्राहकों के लिहाज से यह बेहतरीन कार है। लेकिन, जब बात हाइवे ड्राइविंग की आती है तो कार पीछे छुटती नजर आती है। 80-100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड तक स्थिति तकरीबन सामान्य है। लेकिन, अगर इससे ज्यादा स्पीड पर किसी को ओवरटेक करना है तो इंजन में पावर की कमी साफ तौर पर महसूस होती है।
माइलेज
यह इस कार का सबसे मजबूत पक्ष है। सामान्य शहरी ड्राइविंग स्थिति में कार आराम से 18 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज दे देती है। जबकि, हाइवे पर निकलने के बाद माइलेज और बेहतर हो जाता है। 20 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज आसानी से मिल जाता है। हालांकि, गौर करने वाले बात यह भी है कि मौजूदा मौसम में एयर कंडिशनर ऑन नहीं था। लिहाजा, एसी के साथ माइलेज थोड़ा कम हो सकता है।







