एश्योर्ड रिटर्न के दिशानिर्देशों के बाद शुरू हुई कवायद
बीमा नियामक इरडा के एश्योर्ड रिटर्न को लेकर दिए गए दिशानिर्देशों से घबराई बीमा कंपनियों ने अपने उत्पादों को नए क्लेवर के साथ दोबारा बाजार में उतारने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत बीमा कंपनियों ने इरडा को अपने पेंशन उत्पादों का रिव्यू करने के लिए कहा है। इरडा को बीमा कंपनियों की तरफ से अब तक 22 ऐसे उत्पादों के रिव्यू के लिए आवेदन हासिल हो चुके हैं।
इरडा ने कहा है कि बीमा कंपनियों ने अब तक 22 रिवाइज्ड उत्पादों के लिए आवेदन किया है। इनमें से 21 रिवाइज्ड उत्पाद तो अकेले दिसंबर, 2011 के दौरान ही इरडा के पास भेजे गए हैं। दरअसल, इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (इरडा) ने नवंबर, 2011 में कहा था कि बीमा पॉलिसी डॉक्यूमेंट में मैच्योरिटी पर मिलने वाले सभी फायदों का जिक्र होना जरूरी है।
अगर ऐसा नहीं होता है तो उत्पादों को 1 जनवरी, 2012 से वापस ले लेना चाहिए। इरडा ने कहा था कि बीमा कंपनियों को साफ तौर पर बताना चाहिए कि मैच्योरिटी पर ग्राहक को कितना एश्योर्ड सम मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, बीमा कंपनियों ने रिवाइज्ड प्रोड्क्ट फाइल करते समय इरडा से कुछ स्पष्टीकरण भी मांगे हैं।