नई दिल्ली मकान बना रहे लोगों को अब सीमेंट की ज्यादा कीमत अदा करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि 50 किलो की सीमेंट बोरी की कीमत इसी महीने 9 रुपये बढ़ जाएगी।
कोल इंडिया द्वारा बेचे जा रहे कोयले की मूल्य प्रणाली में लाए गए बदलाव के कारण सीमेंट उत्पादन की लागत बढ़ जाने के कारण ही कंपनियां इसके दाम बढ़ाने पर विचार कर रही हैं। यह कहना क्रिसिल रिसर्च का।
क्रिसिल रिसर्च के प्रमुख अजय डिसूजा ने कहा, 'गत 1 जनवरी से प्रभावी नई कोयला मूल्य नीति के कारण सीमेंट की बढ़ी हुई उत्पादन लागत का बोझ ग्राहकों पर डालने की कोशिश कंपनियां करेंगी।
ऐसे में हमारा मानना है कि इसी महीने से देश भर में सीमेंट के मूल्यों में 2 से 3 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी जाएगी। मालूम हो कि कोल इंडिया पहले कोयले में मौजूद नमी एवं राख के आधार पर इसकी कीमत तय करती थी। हालांकि, कंपनी अब से कोयले को जलाने पर पैदा होने वाली ऊर्जा के आधार पर इसकी कीमत तय करने लगी है। (प्रेट्र)