बीमा के लिए आय का पुख्ता प्रमाण देना जरूरी

मेरी उम्र 31 साल है। इंडिया फस्र्ट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से मैंने 49 लाख रुपये सम एश्योर्ड का 35 साल के लिए एक टर्म प्लान लिया है। मेरा अपना बिजनेस है और मैं इनकम टैक्स नहीं भरता हूं। मेरी सालाना आय पांच लाख रुपये है। मैंने अपना पिछले छह महीने का बैंक स्टेटमेंट भी भेजा था जिसका ट्रांजैक्शन पिछले 5.5 महीने में 18 लाख रुपये है। कंपनी चाहे तो मैं पूरे एक साल का स्टेटमेंट दे सकता हूं पर कंपनी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि यह कोई इनकम प्रूफ नहीं है। मैंने तीन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से बात की लेकिन तीनों का यही जबाव था। मुझे क्या करना चाहिए? -अरुण शर्मा, जयपुर
यह बड़े आश्चर्य की बात है कि सालाना आय पांच लाख रुपये और छह महीने में बैंक का लेन-देन 18 लाख रुपये होने के बावजूद आप कह रहे हैं कि आप इनकम टैक्स का भुगतान नहीं करते? अगर आप कर देनदारी से बच रहे हैं तो यह बुरी बात है क्योंकि कई ऐसे उपाय है जिनके जरिये आप कर में बचत भी कर सकते हैं। आप अपने आयकर सलाहकार के साथ बैठें और आयकर में बचत का रास्ता ढूंढे साथ ही वास्तविक आयकर रिटर्न दाखिल करें। जहां तक बीमा कंपनियों की बात है तो उनका तरीका गलत नहीं है।
किसी व्यक्ति का कितने का बीमा होना चाहिए इसके लिए उन्हें व्यक्ति के आय की जानकारी पुख्ता तौर पर चाहिए होती है ताकि कोई मोरल हैजार्ड न हो। आप एक काम कर सकते हैं। आप उस न्यूनतम सम एश्योर्ड का टर्म इंश्योरेंस ले सकते हैं जिसके लिए किसी इनकम प्रूफ की जरूरत नहीं होती है। नहीं तो पिछले साल का रिटर्न दाखिल करें और बीमा कंपनी को इसे इनकम प्रूफ के तौर पर देते हुए पर्याप्त सम एश्योर्ड का टर्म इंश्योरेंस कवर लें।
कृपया कुछ अच्छे कंपनियों के शेयर सुझाएं जिनमें निवेश कर अच्छा रिटर्न हासिल किया जा सकता है। मैं पहली बार शेयर खरीदने का मन बना रहा हूं। कृपया मेरी मदद करें। -नावेद, भोपाल
पहली बार शेयर में निवेश करने वालों को किसी के सलाह के आधार पर निवेश नहीं करना चाहिए। सबसे पहले कंपनी के काम-काज, उसके कारोबार, प्रबंधन, लाभोत्पादकता और प्रदर्शन के ट्रैक रिकॉर्ड की जानकारी हासिल कीजिए। पर्याप्त फंडामेंटल एनालिसिस के बाद बराबरी के अन्य कंपनियों से उसकी तुलना कीजिए। अगर आप इन सब प्रक्रियाओं से बचना चाहते हैं तो म्यूचुअल फंडों को चुनें।
मैं 10 साल बाद 60 लाख रुपये का घर खरीदने की सोच रहा हूं। इसके लिए मुझे हर महीने कितनी रकम का निवेश करना होगा। कृपया इस बारे में जानकारी दें। -राकेश, दिल्ली
क्या आपने 60 लाख रुपये मौजूदा मूल्य के तौर पर लिखी है या फिर आप इतनी रकम जुटाने की बात कर रहे हैं। अगर आपने इतने का लक्ष्य तय किया है तो हर महीने आपको 26,000 रुपये ऐसे विकल्प में जमा करने होंगे जिससे आपको सालाना 12 फीसदी का रिटर्न मिल सके। हालांकि अगर 60 लाख रुपये आपने मौजूदा मूल्य के हिसाब से लिखे हैं तो प्रॉपर्टी के दामों में 10 फीसदी के इजाफे को देखते हुए आपको 1.55 करोड़ इकट्ठा करने का लक्ष्य रखना पड़ेगा। इसके लिए आपको हर महीने 67,700 रुपये बचाने पड़ेंगे अगर निवेश पर सालाना 12 फीसदी का रिटर्न मिलता है।
मेरी उम्र 25 साल है। मैं आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और कोटक लाइफ इंश्योरेंस प्रत्येक से 25 लाख रुपये का टर्म कवर लेना चाहता हूं। क्लेम के दौरान मेरे परिवार वालों को कोई परेशानी तो नहीं होगी? -गोपाल सिंह, रायपुर
ऐसा कोई नियम नहीं है जो किसी व्यक्ति को दो अलग-अलग इंश्योरेंस कंपनियों से जीवन बीमा लेने से रोकता हो। हालांकि, जिन कंपनियों से आप बीमा ले रहे हैं उनसे कुछ छुपाना नहीं चाहिए। अपने स्वास्थ्य, पेशा, फैमिली हिस्ट्री और अपनी आदतों से जुड़ी बातें जैसे धूम्रपान आदि के संदर्भ में सही जानकारी प्रपोजल फॉर्म में दें। दूसरी कंपनी के पॉलिसियों की जानकारी भी आपको अपने प्रपोजल फॉर्म में देना चाहिए।
मणिकरन सिंघल, सर्टिफायड फाइनेंशियल प्लानर, मार्वेल इंवेस्टमेंट्स, चंडीगढ़







