सैन फ्रांसिस्को. फेसबुक ने आईपीओ के जरिए बाज़ार से 5 अरब अमेरिकी डॉलर उगाहने के लिए कागज़ात जमा कर दिए हैं। बाज़ार के जानकार इसे दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा तकनीकी आईपीओ मान रहे हैं। फेसबुक का आईपीओ एक महीने के भीतर जारी हो सकता है। हालांकि, फेसबुक ने दस्तावेज फाइल करते समय ऑफर प्राइस नहीं बताई है, लेकिन खबरों के मुताबिक कंपनी की कीमत 75 से 100 अरब डॉलर के बीच हो जाएगी।
आईपीओ के लिए औपचारिक तौर पर सामने आने के बाद बाज़ार में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि फेसबुक 5 अरब डॉलर का इस्तेमाल दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के लिए कर सकता है। फेसबुक ने जमा किए गए दस्तावेज में बताया है कि कंपनी ने 2011 में 3.71 अरब डॉलर का राजस्व कमाया है। यह 2010 की तुलना में 88 फीसदी अधिक है। 2011 में कंपनी को शुद्ध मुनाफा करीब 1 अरब अमेरिकी डॉलर का हुआ जो 2010 की तुलना में 65 फीसदी अधिक है। कंपनी अपने बैलेंस शीट पर नकदी के तौर पर 3.9 अरब अमेरिकी डॉलर की रकम दिखाई है।
फेसबुक ने मॉर्गन स्टेनले, गोल्डमैन सैश और जेपी मॉर्गन को अंडरराइटर नियुक्त किया है। इनके अलावा बैंक ऑफ अमेरिका, मेरिल लिंच और बारक्लेज कैपिटल भी बुकरनर्स हैं। आईपीओ के लिए कागजात जमा होने पर जुकरबर्ग पर ने एक बयान में कहा, 'दुनिया में सबको जोड़ने की जरूरत है ताकि सबको अपनी आवाज़ मिल सके और भविष्य के लिए हम समाज को बदल सकें।'
फेसबुक के मालिक की संपत्ति का हुआ खुलासा...16 अरब डॉलर