सोमवार को ग्वार गम वायदा निचले स्तर पर बंद होने के कारण मंगलवार को कम भाव पर खरीदारी होने से ग्वार गम वायदा में अपर सर्किट दर्ज किया गया। एनसीडीईएक्स पर ग्वार गम फरवरी वायदा 4 फीसदी उछलकर 40,578 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंचा। कर्वी कॉमट्रेड के विश्लेषक अरविंद प्रसाद ने बताया कि राजस्थान की मंडियों में ग्वार की आवक कम हो जाने से भी ग्वार गम की कीमतों में तेजी को समर्थन मिला है। मंगलवार को राजस्थान में 32,000 बोरी ग्वार सीड की आवक दर्ज की गई।
काली मिर्च
वियतनाम में काली मिर्च का निर्यात मूल्य कम होने के कारण घरेलू काली मिर्च के निर्यात पर असर की संभावना है। जिससे एनसीडीईएक्स पर काली मिर्च के फरवरी वायदा में 1.2 फीसदी की गिरावट के साथ भाव 29,600 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। बाजार के जानकारों का कहना है कि घरेलू बाजार में मांग अच्छी होने के बावजूद निर्यात में कमी की आशंका से वायदा कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।
बिनौला खली
घरेलू बाजार में कपास की आवक बढऩे के कारण बिनौला खली वायदा में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को एनसीडीईएक्स पर बिनौला खली फरवरी वायदा 1.1 फीसदी नीचे गिरकर 1,284 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। बाजार के जानकारों के मुताबिक घरेलू बाजार में कपास की आवक बढऩे के साथ खपत बढऩे के अनुमान से भी बिनौला खली वायदा में गिरावट दर्ज की गई।
लेड
वैश्विक बाजार में तेजी के संकेतों व घरेलू बाजार में मांग बढऩे के कारण एमसीएक्स में शाम पांच बजे तक लेड जनवरी डिलीवरी वायदा करीब 1.17' बढ़कर 112.65 रुपये प्रति किग्रा हो गया। लेड के फरवरी वायदा में भी 0.62 फीसदी की तेजी के साथ भाव 113.20 रुपये प्रति किग्रा हो गए। बाजार के जानकारों के मुताबिक एलएमई में लेड का भाव बढऩे से घरेलू बाजार में भी तेजी दर्ज की गई है।