राहत की बात
पंजाब नेशनल बैंक ने कार लोन स्कीम को 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया होम व कार लोन पर ब्याज छूट जारी रखेगा मार्च 2012 तक
देश के कई प्रमुख सार्वजनिक बैंक होम लोन और कार लोन की ब्याज दरों में दी जा रही छूट की स्कीम नए साल में जारी रखने की तैयारी कर चुके हैं। पंजाब नेशनल बैंक ने जहां कार लोन स्कीम को 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है, वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भी मार्च 2012 तक होम लोन और कार लोन की ब्याज दरों में छूट जारी रखेगा। ब्याज दरों को छूट इंडियन बैंक भी जारी रख सकता है। हालांकि, अभी देश के सबसे बड़े कर्जदाता भारतीय स्टेट बैंक ने ब्याज दरों में छूट जारी रखने का कोई फैसला नहीं किया है। बैंक इस संबंध में अपनी रणनीति दिसंबर के अंत में घोषित कर सकता है।
पंजाब नेशनल बैंक ने कार लोन के लिए १४ अक्टूबर से शुरू की गई ब्याज छूट की स्कीम को बढ़ाकर 31 जनवरी 2012 तक कर दिया है। बैंक की यह स्कीम पहले दिसंबर 2011 तक थी। बैंक के जनरल मैनेजर (रिटेल बैंकिंग) एस.पी.सिंह ने बिजनेस भास्कर को बताया, 'बैंक कार लोन के लिए ऑफर स्कीम 31 जनवरी 2012 तक दे रहा है। बैंक इस स्कीम के तहत तीन साल तक की अवधि पर 11.25 फीसदी से लेकर 11.75 फीसदी तक के ब्याज पर कर्ज दे रहा है। बैंक ने इसी तरह होम लोन ग्राहकों के लिए तत्काल प्रभाव से ब्याज दरों में छूट देने की शुरूआत की है। बैंक इसके तहत किसी भी अवधि के लिए तीस लाख रुपये से ज्यादा के होम लोन पर ब्याज दरों में 0.८० फीसदी तक छूट दे रहा है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बैंक होम लोन और कार लोन की ब्याज दरों में विशेष छूट की स्कीम 31 मार्च 2012 तक दे रहा है। बैंक इस स्कीम के तहत होम लोन की विभिन्न श्रेणियों में 10.75 फीसदी से लेकर 12.25 फीसदी तक ब्याज पर कर्ज दे रहा है। बैंक इसके अलावा प्रोसेसिंग शुल्क भी नहीं ले रहा है। बैंक इसी तरह वाहन लोन पर एक फीसदी तक ब्याज दरों में छूट दे रहा है। बैंक स्कीम के तहत वाहन लोन पर 11.75' से लेकर 13.25' तक ब्याज ले रहा है। इंडियन बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बैंक अक्टूबर से शुरू की गई विशेष छूट वाली होम लोन स्कीम को नए साल में भी जारी रख सकता है।