इप्का की इंदौर यूनिट को यूएसएफडीए क्लीयरेंस संभव
यूएसएफडीए का दल 18 फरवरी को करेगा निरीक्षण
अग्रणी फार्मा कंपनी इप्का लैबोरेट्रीज के मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित एसईजेड प्लांट से दवा के उत्पादन को अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) द्वारा जल्द ही मंजूरी मिल सकती है। इस संबंध में यूएसएफडीए का एक दल 18 फरवरी को यहां का निरीक्षण करेगा और उसके बाद दवाओं के उत्पादन को मंजूरी मिल सकती है।
कंपनी के इंदौर प्लांट में कंपनी के दो कर्मचारियों ने गलत तरीके से बिना परीक्षण किए कुछ आंकड़े जमा कर दिए थे। हालांकि, इस साइट को अभी भी यूएसएफडीए से ट्रामाडोल के लिए मंजूरी मिली हुई है। इसी संबंध में अमेरिकी खाद्य औषधि विभाग का एक दल 18 फरवरी को यहां निरीक्षण के लिए आ रहा है और कंपनी को उम्मीद है कि उस समय यहां 3-4 उत्पादों की मंजूरी मिल सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, जिन 3-4 उत्पादों को परीक्षण के तुरंत बाद मंजूरी मिलने की संभावना है, उनमें 3 साल पुराने उत्पाद हैं। जबकि उसके कुछ दिन बाद 4 और उत्पादों को मंजूरी मिलने की संभावना है। इस तरह से इप्का के इस एसईजेड से अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन कुल 7-8 उत्पादों को अनुमति दे सकता है। इस तरह से जुलाई -अगस्त से इस एसईजेड से कंपनी बड़े पैमाने पर उत्पादों की लांचिंग कर सकती है।
इप्का लैब के प्रबंध निदेशक पी.सी. गोधा कहते हैं कि अभी तक इस एसईजेड से हमारा निर्यात यूरोपियन बाजार में हो रहा है। जबकि अमेरिका में हमारा अनुमान है कि इस परीक्षण के बाद से हम निर्यात शुरू कर देंगे। उनका कहना है कि इस पर कुल 100 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और उम्मीद है कि अमेरिका से हमें मंजूरी मिल जाएगी।
कर्वी स्टॉक ब्रोकिंग के एक फार्मा विश्लेषक के मुताबिक, अगर ऐसा हो जाता है तो जून 2014 तक कंपनी का टेंडर बिजनेस 15-20 फीसदी तक बढ़ सकता है। कंपनी का टेंडर व्यवसाय 3.8 से 4 अरब रुपये का आंकड़ा इस साल तक पार कर सकता है, जबकि वित्त वर्ष 2014 तक यह आंकड़ा 5 अरब रुपये का हो सकता है। कंपनी ने टेंडर बिजनेस से 2016 तक 8 अरब रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है।
इस विश्लेषक का मानना है कि अमेरिकी व्यवसाय वित्त वर्ष 2013 में 1.75 अरब रुपये तक जा सकता है, जो 1.6 अरब रुपये इस समय है। साथ ही, इंदौर एसईजेड से कंपनी 15 उत्पादों की फाइलिंग करने वाली है, जिसमें से 5 उत्पादों को मार्च, 2013 से पहले फाइल करने की संभावना है। वर्तमान में इप्का के पास 13 उत्पादों की मंजूरी है और यह 8 उत्पादों की बिक्री करती है।









