जेट के मंगलोर-दुबई फेरे

जेट के मंगलोर-दुबई फेरे
नई दिल्ली - जनवरी तीन से मंगलोर-दुबई के बीच जेट एयवेज की सप्ताह में छह फ्लाइट शुरू होगी। इसके लिए एयरलाइंस एक बोइंग 737-800 एयरक्राफ्ट तैनात करेगी जिसमें इकनॉमी क्लास की 170 सीटें होंगी।
दरअसल जेट एयरवेज दिल्ली से दुबई के लिए सीधे परिचालन करती है। अगर मुंबई के लिए बात करें तो एयरवेज प्रति दिन चार सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
ऐसे में मंगलोर से नई सेवा शुरू होने से कर्नाटक और दुबई के बीच बहुप्रतिक्षित एयर लिंक उपलब्ध हो सकेगा। इससे खासतौर पर उन भारतीयों को फायदा मिलेगा जो यूएई में रहते हैं। कंपनी के चीफ कॉमर्शियल ऑफिसर सुधीर राघवन के मुताबिक जेट की इस नई सेवा से कंपनी को काफी मजबूती मिलेगी।
टेकप्रो को मिला 267 करोड़ का ऑर्डर
नई दिल्ली - ईपीसी क्षेत्र की कंपनी टेकप्रो सिस्टम को एनटीपीसी की सहकारी कंपनी से कोल हैंडलिंग प्लांट पैकेज सप्लाई का ऑर्डर मिला है। करीब 267.3 करोड़ रुपये के इस ऑर्डर की सप्लाई कंपनी के मुजफ्फरपुर प्लांट के लिए की जानी है।
दरअसल टेकप्रो को कांति बिजली उत्पादन निगम से मुजफ्फरपुर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के लिए कोल हैंडलिंग प्लांट पैकेज की सप्लाई का ऑर्डर प्राप्त हुआ है। ऑर्डर के तहत टेकप्रो को इसकी डिजाइनिंग से लेकर प्लांट को शुरू कराने तक सारा काम देखना है। यह खुलासा कंपनी ने बीएसई में फाइलिंग करते हुए किया। हालांकि इस ऑर्डर को पूरा करने के लिए कोई समय सीमा नहीं तय की गई है।
डीजल के दाम बढ़ाने का स्वागत
नई दिल्ली - ऑटो इंडस्ट्री की संस्था सियाम ने शुक्रवार को डीजल के दामों में प्रस्तावित इजाफे का स्वागत किया है। सियाम के मुताबिक इस फैसले से लंबी अवधि में अर्थव्यवस्था और ऑटो सेक्टर को काफी मदद मिलेगी। सियाम ने कहा कि डीजल के दामों में प्रस्तावित इजाफा काफी ज्यादा है इसके बावजूद वह इसका स्वागत करती है। हालांकि दामों में यह इजाफा इस तरीके से किया जाना चाहिए जिससे ग्राहकों को कोई परेशानी न हो। इससे कुछ वक्त के लिए वाहनों की बिक्री पर फर्क पड़ा सकता है, पर लंबी अवधि में इंडस्ट्री और अर्थव्यवस्था को आगे बढऩे में मदद मिलेगी।
मेडिकल उपकरण किए लांच
मुंबई - ऑप्टो सर्किट्स इंडिया की समूह कंपनी और मेडिकल उपकरणों एवं डिवाइस बनाने वाली अग्रणी कंपनी एडवांस्ड माइक्रोनिक डिवाइसेस लिमिटेड (एएमडीएल) की हेल्थकेयर डिवीजन हेल्थ ने मेडिएड वेंटिलेटर्स और एनेस्थेसिया वर्क स्टेशन लांच करने की घोषणा की है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरिंदन सेन ने इंदौर में इस्कॉन 2012 में इन उत्पादों को लांच करते हुए कहा कि इनसे हमें भारतीय एनेस्थेसिया बाजार में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वास्थ बाजार में टेक्नोलॉजी उन्नत डिवाइसेस को लांच करने की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता की ओर यह एक और कदम है।
आईएमई में अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस
नई दिल्ली - आईएमई के साहिबाबाद के कैंपस में 28 दिसंबर से कारोबारी चुनौतियों पर 6वीं अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का आयोजन शुरू किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में फ्रांस, तुर्की, नाइजीरिया, ताइवान, श्रीलंका, केन्या, जिंबाब्वे जैसे देशों से प्रतिभागी शामिल हुए। साथ ही इस कांफ्रेंस में टाटा मोटर्स, एरिक्सन इंडिया, स्पाइस डिजिटल, नेट4 इंडिया, आईबीबो वेब पोर्टल के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की।
यह कांफ्रेंस कारोबारी जगत में आ रहे नए चलन और परंपराओं पर आधारित रही। दो दिन तक चलते वाली इस कांफ्रेंस में प्रतिभागियों को कारोबार में प्रबंधन के कुशलतापूर्वक समावेश के बारे में बताया गया। साथ ही इस बात पर भी जो दिया गया कि आज के कारोबारी जगत में तकनीक का महत्व काफी ज्यादा है। इससे कारोबार में सकारात्मक चलन को बढ़ावा मिलता है। (ब्यूरो/प्रेट्र)







