छत्तीसगढ़ में खुलेगा कामधेनु वि.वि. - छत्तीसगढ़

रायपुर छत्तीसगढ़ में कृषि, डेयरी विकास और मत्स्य विज्ञान में अध्ययन और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कामधेनु विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा गन्ने पर बोनस में भी वृद्धि की गई है।
कृषि और श्रम मंत्री चन्द्रशेखर साहू ने फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि कामधेनु विश्वविद्यालय स्थापना विधेयक 2011 का प्रारूप विधानसभा के आगामी सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह विश्वविद्यालय अंजोरा में स्थापित किया जाएगा। इसमें वर्तमान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से संबंधित तीन कॉलेजों- शासकीय पशुचिकित्सा एवं पशुपालन कॉलेज अंजोरा, दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर और मत्स्य महाविद्यालय कवर्धा (कबीरधाम) को शामिल किया जाएगा।
इसके लिए अी पर एक करोड़ रुपये के टोकन बजट का प्रावधान किया गया है। सरकार ने गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए गन्ना बोनस में 10 रुपये की वृद्धि की है। कृषि मंत्री ने बताया कि पेराई वर्ष 2010-11 के लिए बोनस 25 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 35 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। (ब्यूरो)










