ईसीबी के जरिए एलआईसी हाउसिंग जुटाएगी 1,000 करोड़
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने एक्सटर्नल कॉमर्शियल बोरोइंग्स (ईसीबी) के जरिए 700-1,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। कंपनी के सीईओ वी. के. शर्मा ने यह जानकारी दी। पिछले महीने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रियल एस्टेट डेवलपर्स व हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों को ईसीबी के जरिए चालू वित्त वर्ष के दौरान 100 करोड़ डॉलर (करीब 5,500 करोड़ रुपये) तक जुटाने की अनुमति दे दी थी। इसका मकसद देश में कम कीमत वाली हाउसिंग परियोजनाओं को बढ़ावा देना था। इसी को देखते हुए एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने भी ईसीबी के जरिए करीब 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
शर्मा ने कहा कि इसके लिए कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई है।यह कमेटी ईसीबी के जरिए पूंजी जुटाने के लिए आरबीआई से संपर्क में है। दो दिनों की प्रॉपर्टी प्रदर्शनी में शर्मा ने कहा कि हम भी उसी श्रेणी में आएंगे, जिसकी अनुमति आरबीआई दे चुका है। हमें उम्मीद है कि हम इसके लिए जल्द आवेदन करेंगे। पूंजी जुटाने के लिए ईसीबी को एक आकर्षक जरिया माना जाता है।
इसकी वजह यह है कि इस कर्ज पर घरेलू कर्ज के मुकाबले लागत कम आती है। इसके अलावा कंपनियों को भी वैश्विक बाजार के रूप में पूंजी जुटाने का एक बड़ा बाजार मिल जाता है। हालांकि शर्मा ने कंपनी द्वारा पूंजी जुटाने के समय का खुलासा नहीं किया। लेकिन उन्होंने कहा कि कंपनी की कमेटी आरबीआई के संपर्क में है।
कदम
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई है
यह कमेटी पूंजी जुटाने के लिए आरबीआई से संपर्क में है
कंपनी ने कहा है कि वह इसके लिए जल्द आवेदन करेगी







