बिजनेस ब्यूरो. मारुति कार लॉन्चिंग फील्ड पर हैट्रिक जमाने जा रही है। नये साल के शुरूआती दो महीनों में 2 कार लॉन्च करने वाली मारुति मार्च में भी भारतीय बाजार के लिए एक और नई कार ला रही है। मार्च में आने वाली इस कार का नाम मारुति इरटिगा है। लगातार 3 महीनों में 3 कारों की लॉन्चिंग देश की इस सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति के चाहने वालों के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है।
मारुति इरटिगा 1.4 लीटर पेट्रोल और 1.3 लीटर डीजल दोनो ही वर्जन में बाजार में आयेगी। पेट्रोल वर्जन में इसका माइलेज करीब 17 किमी प्रति लीटर होगा। वहीं 1 लीटर डीजल में ये गाड़ी 21 किमी चलेगी। इस गाड़ी में 1372 सीसी वाले के सीरीज के इंजन लगे होंगे। के सीरीज के इंजन की खासियत फ्यूल एफिसिएंट होना है। डीजल वर्जन में इस गाड़ी का इंजन काफी हद तक मारुति एसएक्स 4 की तरह ही होगा। इरटिगा के फ्रंट व्हील ड्राइव और स्पोर्टस फाइन इंटीरियर के चलते इसका लुक और भी लुभावना है।
मारुति इरटिगा को लेने वालों के लिए कंपनी ने कई ऑप्शन दिए हैं। कंपनी इसे एलएक्सआई, वीएक्सआई, जेडएक्सआई, वीडीआई, एलडीआई, जेडडीआई ऑप्शन में लॉन्च करेगी। इरटिगा की रेंज 6 लाख रुपये के आस-पास रहने की उम्मीद है। हालांकि इसकी आखिरी कीमत लॉन्चिंग के समय ही पता चल सकेगी।
मारुति इरटिगा के लॉन्च के बाद कंपनी करीब सभी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी और मजबूत कर सकेगी। एमपीवी सेगमेंट वाली इस कार को लेकर कंपनी का कहना है कि मारुति यूटिलिटी सेगमेंट में कारों की लॉन्चिंग पर भी ध्यान देगी। कंपनी अभी इस सेगमेंट में काफी पीछे है।
गौरतलब है कि कंपनी जनवरी में मारुति ए-स्टार का नया वर्जन बाजार में लाई थी। वहीं फरवरी में बुधवार को कंपनी ने लंबे अरसे से इंतजार वाली सेडान कार मारुति स्विफट डिजायर लॉन्च किया था।