बिजनेस ब्यूरो. मारुति की नई लग्जरी कार किजासी की जनवरी में हुई बिक्री से इसकी बाजार में हालत पतली लग रही है। कंपनी की इस प्रीमियम कार को जनवरी में केवल 9 लोगों ने ही खरीदा। करीब 17 लाख की एक्सशोरूम कीमत वाली इस कार को कंपनी ने काफी उम्मीदों के साथ लॉन्च किया था। हालांकि पिछले साल फरवरी में लॉन्च प्रीमियम कार की जनवरी बिक्री के आंकड़ों से कंपनी को काफी मायूसी हुई है।
दिलचस्प है कि कार बाजार की लीडर कंपनी मारुति सुजूकी ने जनवरी में 5 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है। जनवरी 2012 में कंपनी ने कुल 115,433 कार बेची है। वहीं पिछले साल की जनवरी में ये आंकड़ा केवल 109,743 ही था। गौरतलब है कि कार बाजार में पिछले 7 महीनों से हो रही लगातार नकारात्मक ग्रोथ से पूरे भारतीय कार बाजार की ही हालत पतली थी। हालांकि जनवरी में आये कार बिक्री के आंकड़ों से कार कंपनियों को थोड़ी राहत मिली है। इन आंकड़ों में कई कार कंपनियों की बिक्री में 100 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। वहीं कुछ कंपनियों की बिक्री ग्रोथ नकारात्मक भी रही है।