आरपावर के प्रमोटरों ने जुटाए 1,500 करोड़
बिजनेस ब्यूरो
| Dec 20, 2012, 02:05AM IST
अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस पावर (आरपावर) के प्रमोटरों ने बुधवार को कंपनी की 5.42 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर शेयरों की बिक्री से 1,500 करोड़ रुपये की राशि जुटाने की घोषणा की। शेयरों की यह बिक्री ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) रूट के जरिए की गई।
इस शेयर सेल के तहत कंपनी के शेयर 95 रुपये के भाव पर बेचे गए। यहां जारी एक बयान में रिलांयस पावर ने कहा कि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड व प्रमोटर ग्रुप की अन्य कंपनियों ने यह शेयर सेल की है।
इस ओएफएस को घरेलू एवं विदेशी निवेशकों की तरफ से 1.6 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ और कुल मिलाकर 2,300 करोड़ रुपये के करीब के आवेदन कंपनी को हासिल हुए। बीएसई पर बुधवार को कंपनी के शेयर का भाव 0.36 फीसदी की गिरावट के साथ 98.05 रुपये पर बंद हुआ।









