एसबीआई के शेयरों में गिरावट
बिजनेस ब्यूरो | Feb 14, 2013, 02:16AM IST

नई दिल्ली - चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) में बढ़ोतरी की आशंका के चलते बुधवार को निवेशकों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयरों में भारी बिकवाली की।
बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर बैंक के शेयर का भाव 2,301.35 रुपये पर खुला और मंगलवार की तुलना में 1.83 फीसदी की गिरावट के साथ 2,255.05 रुपये पर बंद हुआ। मंगलवार को बैंक के शेयर का भाव 2,297.15 रुपये पर रहा था।
बुधवार के सत्र के दौरान बैंक के शेयरों में 2,322.55 रुपये के ऊपरी स्तर और 2,241 रुपये के निचले स्तर के बीच कारोबार हुआ। बाजार बंद होते समय बैंक का पूंजीकरण 1,51,324 करोड़ रुपये पर दर्ज किया गया।एसबीआई के वित्तीय नतीजों की घोषणा गुरुवार को होने जा रही है।







