सेंसेक्स वर्ष 2013 में जाएगा 21,700 पर : एचएसबीसी
बैंकिंग दिग्गज एचएसबीसी ने कहा है कि साल 2013 के आखिर तक बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक 21,700 अंक के स्तर तक जा सकता है। एचएसबीसी सिक्युरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स इंडिया के रिसर्च प्रमुख जितेंद्र श्रीराम ने अपनी ताजा रिसर्च रिपोर्ट में यह बात कही है।
अगर, एचएसबीसी का यह आकलन सही साबित होता है तो सेंसेक्स इस साल नया रिकॉर्ड स्तर बनाएगा। सेंसेक्स का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर 10 जनवरी, 2008 को रहा था। उस दिन सेंसेक्स 21,206.77 अंक तक चढ़ गया था।
एचएसबीसी की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पहले ही भारत को लेकर ओवरवेट हैं। ऐसे में यहां से आगे बढऩे की संभावनाएं सीमित ही हैं। इन हालात में सरकार द्वारा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की आवक को बढ़ाने के लिए कुछ अतिरिक्त कदम उठाने होंगे।
एचएसबीसी ने उम्मीद जताई है कि सरकार द्वारा मल्टी ब्रांड रिटेल सेक्टर में एफडीआई की इजाजत दिए जाने, नेशनल इनवेस्टमेंट बोर्ड का गठन किए जाने और टेलीकॉम स्पेक्ट्रम की नीलामी किए जाने से देश में एफडीआई की आवक बढ़ेगी।








