हवाई अड्डों जैसे एक्जीक्यूटिव लाउंज अब रेलवे स्टेशनों पर भी

तैयारी
देशभर के 50 रेलवे स्टेशनों खुलेंगे ऐसे लाउंज, शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से
नई दिल्ली स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ 3,000 वर्गमीटर क्षेत्र में
बनाया लाउंज
आईआरसीटीसी ने ब्रिटिश कंपनी डब्ल्यू एच स्मिथ के साथ मिलकर दिया अंजाम
भ्रमण के दौरान विभिन्न हवाई अड्डों पर एक्जीक्यूटिव लाउंज के उपयोग के आप आदी रहे होंगे। यदि ऐसा ही लाउंज यहां के रेलवे स्टेशनों पर भी हो तो आप क्या कहेंगे। क्या कहा आपने.... सोने पर सुहागा।
तो ऐसी सुविधा लेने के लिए आप तैयार हो जाइए। भारतीय रेल ने देश के करीब 50 रेलवे स्टेशनों पर इस तरह के लाउंज खोलने की तैयारी की है जिसकी जिम्मेदारी सरकारी कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) को दी गई है। परीक्षण के तौर पर इस तरह का पहला लाउंज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैयार कर लिया गया है।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ करीब 3,000 वर्गमीटर क्षेत्र में एग्जीक्यूटिव लाउंज बनाया गया है। इसमें वल्र्ड क्लास सुविधाएं मिले, इसके लिए आईआरसीटीसी ने ब्रिटिश कंपनी डब्ल्यू एच स्मिथ से हाथ मिलाया है।
यह कंपनी दिल्ली हवाई अड्डे समेत दुनिया में कई ख्यात हवाई अड्डे पर लाउंज चलाती है। रेलवे के लाउंज में खाने पीने में शाकाहारी और मांसाहारी बुफे मील, बेवरेज, स्नैक्स आदि का इंतजाम होगा। हालांकि हवाई अड्डे की तरह रेलवे के लाउंज में मदिरा की व्यवस्था नहीं होगी, क्योंकि भारतीय कानून इस बात की इजाजत नहीं देता। इसके अलावा बिजनेस सेंटर, टेलीविजन, पत्र-पत्रिकायें आदि की भी सुविधा होगी।
रेलगाडिय़ों की लंबी यात्रा को देखते हुए इस लाउंज में वाश एंड चेंज की भी व्यवस्था की गई है जो कि हवाई अड्डों पर नहीं होती। बिजनेस सेंटर में आप प्रिंटआउट की सुविधा भी ले सकते हैं। पूरे लाउंज में वाईफाई की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। वाश एंड चेंज की इच्छा रखने वाले यात्रियों के लिए एक विशेष किट की व्यवस्था की गई है जिसकी कीमत 175 रुपये होगी। किट में वल्र्ड क्लास सामग्री रहेगी।
हवाई अड्डों पर लाउंज की सुविधा ऊंचे दर्जे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए नि:शुल्क होती है क्योंकि उन्हें विमानन कंपनियां लाउंज का पास देती है लेकिन रेलवे स्टेशन पर यह नि:शुल्क नहीं होगा। आईआरसीटीसी के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शुरूआती तीन घंटे के लिए शुल्क 300 रुपये रखा गया है। यदि इसके बाद भी यात्री लाउंज में ठहरना चाहें तो उन्हें प्रति घंटे 125 रुपये की दर से शुल्क चुकाना होगा।
उन्होंने बताया कि लाउंज में एक समय में अधिकतम 125 यात्री ही सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। रेलवे स्टेशन का लाउंज भी हवाई अड्डे की तरह साल के 365 दिन 24 घंटे खुला रहेगा। इसके उपयोग के लिए यात्री के पास वैलिड टिकट होना चाहिए, किस दर्जे का टिकट है, यह मायने नहीं रखता है।







