मुकेश दुनिया के 18वें सबसे रईस व्यक्ति

2012 में मुकेश की कुल निजी दौलत रही 24.7 अरब डॉलर
भारत के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की अमीरी का लोहा अब पूरी दुनिया मानने लगी है। एक नवीनतम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि होती है। इसके मुताबिक मुकेश अंबानी दुनिया के 18वें सबसे रईस व्यक्ति हैं। वर्ष 2012 में मुकेश की कुल निजी दौलत 24.7 अरब डॉलर रही है।
विश्व के 100 सर्वाधिक अमीर व्यक्तियों की रैंकिंग दर्शाने वाले ब्लूमबर्ग बिलिनायर्स इंडेक्स से यह तथ्य उभर कर सामने आया है। मेक्सिको के टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर के दिग्गज कार्लोस स्लिम बीते साल भी दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बने रहे। स्लिम की निजी दौलत 70 अरब डॉलर से भी ज्यादा आंकी गई है। मुकेश अंबानी की रईसी का आलम यही तक सीमित नहीं है।
दरअसल, 55 वर्षीय मुकेश लगातार छठे साल पूरी दुनिया में सबसे अमीर भारतीय माने गए हैं। इस इंडेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीएमडी मुकेश अंबानी की रैंकिंग वर्ष 2012 में इससे पिछले साल की तुलना में 19वीं से सुधर कर 18वीं हो गई। उपर्युक्त इंडेक्स से यह भी पता चला है कि दुनिया के टॉप 100 अरबपति बीते साल के दौरान और भी ज्यादा अमीर हो गए। दरअसल, इन अरबपतियों की कुल संपत्ति वर्ष 2012 के दौरान तकरीबन 15 फीसदी बढ़कर 1.81 लाख करोड़ डॉलर के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स और दिग्गज फैशन रिटेल कंपनी 'जारा' के संस्थापक अमानसियो ऑर्टेगा इस लिस्ट में क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। बिल गेट्स की निजी संपत्ति 60 अरब डॉलर से कुछ ज्यादा और ऑर्टेगा की व्यक्तिगत दौलत 60 अरब डॉलर से थोड़ी कम है। जाने-माने अरबपति निवेशक वारेन बफेट इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। वहीं, आइकिया के संस्थापक इंगवार कैंपराड इस इंडेक्स में पांचवें पायदान पर हैं जिनकी निजी संपत्ति बीते साल तकरीबन 40 अरब डॉलर रही।









